बवाना के पुठखुर्द स्थित एक हेलमेट फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसे बुझाने में 23 दमकल गाड़ियों को करीब चार घंटे लगे। आग पर काबू पाने के बाद तलाशी के दौरान एक जला हुआ शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है और जांच जारी है।
बाहरी दिल्ली। बवाना इलाके में एक हेलमेट बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग चार मंजिला इमारत में लगी, जिसे बुझाने के लिए दमकल विभाग की 23 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। लगभग 4 घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब 2:10 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बवाना थाना अंतर्गत पुठखुर्द स्थित वीर धाम कांटा के समीप हेलमेट निर्माण फैक्ट्री में बुधवार सुबह करीब 9:50 बजे आग लगने की सूचना मिली। आग तेजी से पूरी इमारत में फैल गई, जिसके चलते पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें और पुलिस मौके पर पहुंच गईं।
दमकल कर्मियों ने लगातार करीब चार घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। आग बुझाने के बाद फैक्ट्री की तलाशी के दौरान एक जला हुआ शव बरामद हुआ। शव की पहचान अभी नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर इलाके को घेर लिया और भीड़ को नियंत्रित किया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।


