दिल्ली में टीकरी कलां मेट्रो स्‍टेशन के पास सीएनजी पंप पर सिलेंडर फटा, एक की मौत; 6 लोग झुलसे

मुंडका के टिकरी कलां में एक सीएनजी पंप पर ट्रक में गैस भरते समय सिलेंडर में धमाका हो गया, जिसमें एक की मौत और छह लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और घटना के कारणों की जांच जारी है।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। मुंडका के टिकरी कलां इलाके में बुधवार को सीएनजी पंप पर ट्रक में गैस भरते समय उसके सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में एक की मौत और छह लोगों के घायल होने की प्रारंभिक सूचना है।

सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने एक की मौत की पुष्टि की है।

दमकल विभाग से जानकारी के अनुसार, घटना टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सीएनजी पंप पर शाम करीब साढ़े तीन बजे हुई। ट्रक में सीएनजी भरने के दौरान अचानक उसके सिलेंडर में धमाका हो गया।

धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां, एक वाटर बाउजर और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे।

ट्रक के सिलेंडर में धमाका

दमकल विभाग के अनुसार, शाम चार बजे मौके से सूचना मिली कि ट्रक के सिलेंडर में धमाका हुआ है और छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उनकी हालत और चोटों की गंभीरता के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *