Saharanpur News: सहारनपुर में एक आर्गेनिक कंपनी में निवेश के नाम पर लोगों से करीब 23.5 लाख रुपये की धोखाधड़ी और गबन किया गया है। पुलिस ने कंपनी मालिक और उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सहारनपुर। आर्गेनिक कंपनी के नाम पर लोगों से निवेश कराकर करीब 23.50 लाख रुपए की धोखाधड़ी और गबन कर लिया गया। पुलिस ने कंपनी के मालिक व उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि निवेशकों की रकम वापस न करने, गाली-गलौज करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गोविंदनगर निवासी गौरव रस्तोगी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि सीमा आर्गेनिक कंपनी के मालिक राकी कुमार निवासी मकान नंबर ई/23 ब्लाक, आफिसर्स कालोनी सहारनपुर हैं। आरोप है कि राकी कुमार ने सीमा आर्गेनिक के नाम से कंपनी बनाकर लोगों को उसमें निवेश करने के लिए कहा। कंपनी और उसके संचालक पर भरोसा करते हुए शिकायतकर्ता समेत कई लोगों ने रकम निवेश की। शिकायतकर्ता के मुताबिक, शुरुआत में कंपनी की ओर से एक-दो महीने तक निवेशकों को प्राफिट दिया गया। इससे लोगों का कंपनी पर भरोसा बढ़ गया। इसके बाद कंपनी ने प्राफिट देना बंद कर दिया। निवेशकों ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो उन्हें कंपनी के घाटे में होने की बात बताई गई। पीड़ित का कहना है कि कंपनी के घाटे में होने की बात कहते हुए निवेशकों की करीब 23 लाख 50 हजार रुपए की रकम जब्त कर ली गई। गौरव का आरोप है कि जब उसने और अन्य निवेशकों ने अपनी रकम वापस मांगी तो कंपनी मालिक ने कथित तौर पर गाली-गलौज की। वहीं, राकी कुमार की पत्नी सीमा पर भी धमकी देने का आरोप लगाया गया है। इसके साथ ही पीड़ित को धमकी दी कि यदि उन्हें परेशान किया गया तो झूठे मुकदमे में फंसा दिया जाएगा। तहरीर के आधार पर राकी कुमार और उसकी पत्नी सीमा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।
सदर बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रसैन सैनी ने बताया कि निवेश करने वाले अन्य लोगों, रकम के लेन-देन, कंपनी के दस्तावेजों और दिए गए चेक समेत अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
