सरकारी दफ्तरों को फूंकने की धमकी! कांग्रेस पर भड़के डॉ. बिंदल; बोले- हिमाचल में चल रहा ‘गुंडाराज’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने हिमाचल सरकार पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने और गुंडाराज को बढ़ावा देने का आरोप लगाया, कहा कि कांग्रेस सरकारी संपत्ति तोड़ने वालों को संरक्षण दे रही है।

हिमाचल प्रदेश में कानून का राज समाप्त होता जा रहा है। कांग्रेस सरकार के संरक्षण में अराजकता, गुंडाराज और माफिया राज हावी हो चुका है। जिस प्रकार पुलिस बल की मौजूदगी में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया।

सरकारी कार्यालय को आग लगाने की सरेआम धमकी दी गई और पुलिस की गाड़ी पर चढ़कर उसे क्षतिग्रस्त किया गया, वह बेहद गंभीर और चिंताजनक घटना है। नाहन में अपने निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला।

बिंदल ने कांग्रेस पर साधा निशाना

डॉ. बिंदल ने कहा कि इससे भी गंभीर बात यह है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की मौजूदगी में यह सब हुआ। डॉ. बिंदल ने कहा कि सत्ता के संरक्षण के कारण पुलिस को हड़काया गया, दबाया गया, पुलिस की गाड़ी पर चढ़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया

डॉ. बिंदल ने कहा कि सोलन में कांग्रेस नेताओं ने अपनी ही पार्टी की राष्ट्रीय प्रभारी रजनी पाटिल की मौजूदगी में “भैंस के आगे बीन बजाना” यह सिद्ध किया कि मुख्यमंत्री कभी सोलन वालों की बात नहीं सुनते हैं, सोलन जिला की अवहेलना करते हैं।

कांग्रेस अपनी हार का बहाना बना रही है

बिंदल ने बताया कि कांग्रेस को अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती दिखाई दे रही है। इसलिए अब वह अपनी हार का बहाना पहले से तैयार कर रही है और चुनाव आयोग को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज के चुनाव में भाजपा को प्रचंड जीत मिली और कांग्रेस को बुरी हार का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो चुनाव आयोग सही होता है। लेकिन जब पश्चिम बंगाल, असम, हरियाणा और दिल्ली में कांग्रेस चुनाव हारती है, तो वही चुनाव आयोग कांग्रेस के निशाने पर आ जाता है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के इन घड़ियाली आँसुओं और बहानों में आने वाली नहीं है। जनता सब देख रही है और लोकतंत्र में जनता से बड़ा कोई नहीं होता।

हिमाचल की जनता को झेलनी पड़ रही दादागिरी

डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल में कानून व्यवस्था के दो अलग-अलग पैमाने दिखाई दे रहे हैं। “भाजपा कार्यकर्ता पुतला फूंके तो एफआईआर, भाजपा कार्यकर्ता नारे लगाए तो पुलिस केस।

लेकिन कांग्रेस के लोग तोड़फोड़ करें, गाली-गलौज करें, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाए और पुलिस को धमकाएँ तो कार्रवाई के बजाय गुंडा तत्वों को पुरस्कार और संरक्षण दिया जाता है।” डॉ. बिंदल ने कहा “हिमाचल की शांतिप्रिय जनता को अराजकता, दादागिरी और सरकारी संपत्ति के साथ खिलवाड़ स्वीकार नहीं है और जनता इसका जवाब आने वाले चुनाव में देने के लिए तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *