टीवी एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी को अरावली एक्सप्रेस में RPF अधिकारी पर कथित हमले और बदसलूकी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वह स्लीपर क्लास का टिकट होने के बावजूद AC कोच में यात्रा कर रही थीं, जिसके बाद यह घटना हुई।

- कपड़े उतारने, ब्लेड लहराने और बदसलूकी का आरोप
- अरावली एक्सप्रेस में AC कोच में यात्रा को लेकर विवाद
- एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी RPF अधिकारी पर हमले में गिरफ्तार
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। टीवी शो ‘कसौटी जिंदगी की 2’ की एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी (Antara Banerjee) अरावली एक्सप्रेस में हुई एक कथित घटना के बाद मुश्किल में पड़ गई हैं। खबर है कि सूरत में शूटिंग के लिए जाते समय, स्लीपर क्लास का टिकट होने के बावजूद AC कोच में घुसने पर एक्ट्रेस ने RPF अधिकारी पर हमला कर दिया।
‘फ्री प्रेस जर्नल’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 12 अगस्त को अरावली एक्सप्रेस में हुई,जब एक्ट्रेस बनर्जी एक शूट के लिए सूरत जा रही थीं। बताया जाता है कि उनके पास स्लीपर-क्लास का टिकट था, लेकिन वह एक रिजर्व्ड AC कोच में चली गईं, जिससे साथी यात्रियों के साथ उनकी तीखी बहस हो गई।
यह घटना बोरीवली और दहानू के बीच रात करीब 9.30 बजे से 10.50 बजे के बीच हुई। एफआईआर के अनुसार, एक यात्री ने अंतरा बनर्जी से रिजर्व्ड सीट खाली करने को कहा। उनके मना करने पर, यात्री ने टिकट कलेक्टर हरिकेश त्रिपाठी और रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स आरपीएफ को इसकी सूचना दी।
अधिकारियों के साथ बदसलूकी की
आरपीएफ के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर यामिनीकांत मिश्रा ने बताया कि उन्होंने और कॉन्स्टेबल राजेश कुमार ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन बनर्जी ने कथित तौर पर अधिकारियों के साथ बदसलूकी की और हिंसक हो गईं।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने अपने कपड़े उतार दिए, ब्लेड लहराया और मिश्रा के साथ-साथ खुद को भी घायल कर लिया। मिश्रा का आरोप है कि उन्होंने उनकी यूनिफॉर्म और मोबाइल फोन को भी नुकसान पहुंचाया।
एक्ट्रेस को हिरासत में लिया गया
आरोप है कि बनर्जी ने दहानू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारे जाने और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) को सौंपे जाने से पहले, भागने के लिए कोच की खिड़की तोड़ने की कोशिश की। इस घटना से कोच में मौजूद यात्री घबरा गए। अगली सुबह बोरीवली रेलवे पुलिस ने बनर्जी को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर गावड़े ने कहा,’ एफआईआर दर्ज होने के बाद वह शांत हो गईं।’

बनर्जी ने अपने करियर की शुरुआत टेलीविजन से की और ‘गुमराह: एंड ऑफ इनोसेंस’ में भी नजर आईं। बाद में, उन्होंने 2014 की कॉमेडी फिल्म ‘द शौकीन्स’ से फिल्मों में डेब्यू किया। इसके बाद वह 2016 से 2018 तक टेलीविजन पर लौटीं और &TV के शो ‘बढ़ो बहू’ में पिंकी अहलावत का किरदार निभाया।
